कंबोडिया के लिए आज रवाना होंगे मनमोहन सिंह

कंबोडिया के लिए आज रवाना होंगे मनमोहन सिंह

कंबोडिया के लिए आज रवाना होंगे मनमोहन सिंहनई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आसियान और पूर्वी एशिया सम्मेलनों में भाग लेने के लिए रविवार को कंबोडिया रवाना होंगे। समझा जाता है कि इन सम्मेलनों से इतर वह चीन सहित कुछ अन्य देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

पूर्व में सिंह कंबोडिया से पहले जापान भी जाने वाले थे लेकिन यह दौरा रद्द कर दिया गया। वह तीन दिन तक अब कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में रहेंगे।

15 नवंबर से शुरू होने वाला उनका जापान का दौरा वहां हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम के मद्देनजर एक दिन पहले ही रद्द किया गया। जापान के प्रधानमंत्री योशोहिको नोदा ने शीघ्र चुनाव की घोषणा का फैसला किया है।

समझा जाता है कि कंबोडिया दौरे में सिंह यूरोप तथा पश्चिमी जगत के अन्य भागों को प्रभावित कर रहे आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि में भारत और दस दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के समूह आसियान के बीच व्यापार तथा निवेश बढ़ाने पर जोर देंगे।

सेवाओं और निवेश के क्षेत्र में भारत और आसियान मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं और इसे 19 नवंबर को होने जा रहे सम्मेलन से पूर्व समाप्त करने के इच्छुक हैं। दोनों पक्ष व्यापारिक वस्तुओं के मुक्त व्यापार समझौते पर पहले ही हस्ताक्षर कर चुके हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, November 17, 2012, 13:45

comments powered by Disqus