Last Updated: Thursday, January 19, 2012, 13:26
नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट से गुरुवार को सुरेश कलमाडी को जमानत मिलने के कुछ ही घंटे बाद भारतीय ओलंपिक संघ में इस बात की अफवाह जोरों पर है कि क्या एक बार वह फिर अध्यक्ष की हैसियत से इस खेल संगठन को संभालेंगे।
इससे पहले, राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को वर्ष 2010 में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं के मामले के सिलसिले में करीब नौ माह जेल में बिताने के बाद, दिल्ली हाईकोर्ट से गुरुवार को जमानत मिल गई। हाईकोर्ट ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व महानिदेशक और सह आरोपी वी के वर्मा को भी जमानत दे दी। कलमाडी 2010 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों से संबद्ध भ्रष्टचार के मामलों में आरोपी हैं।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के उपाध्यक्ष तरलोचन सिंह ने कहा कि संघ में किसी ने भी कलमाड़ी के कार्यभार संभालने के लिए एतराज नहीं जताया है। संघ की पिछली आमसभा की बैठक में किसी ने भी विरोध प्रकट नहीं किया था। उन्होंने कहा कि कलमाड़ी की जमानत हो जाने से यह साबित होता है कि उनके खिलाफ कोई स्पष्ट मामला नहीं बनता है इसलिए आईओए का कामकाज फिर से संभालने में किसी को क्या एतराज हो सकता है।
आईओए में कलमाड़ी के विरोधी गुट ने इस बात पर सवाल उठाए हैं कि दागी व्यक्ति को किस तरह से अध्यक्ष बनाया जा सकता है । उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज है। कलमाड़ी को सीबीआई ने 25 अप्रैल 2011 में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ‘टाइमिंग, स्कोरिंग एंड रिजल्ट सिस्टम’ घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया था।
राष्ट्रमंडल खेलों के बाद भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार होने से पहले कलमाड़ी ने विजय कुमार मल्होत्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष बना दिया था। कलमाड़ी को जमानत मिलने के साथ ही भारतीय ओलंपिक संघ में उनके समर्थक बहुत खुश हैं लेकिन यह कलमाड़ी पर ही निर्भर करेगा कि वे फिर से अध्यक्ष का पद संभालेंगे या नहीं।
राष्ट्रमंडल खेल आयोजन से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में करीब नौ महीने से तिहाड़ जेल में बंद सुरेश कलमाड़ी दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद गुरुवार को बाहर आ गए। कलमाडी (67) को पिछले साल 25 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। वह गुरुवार शाम जेल संख्या चार से बाहर आए। लेकिन उन्होंने मीडियाकर्मियों से कोई बातचीत नहीं की।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 20, 2012, 12:53