कांग्रेस धोखेबाजों की पार्टी है : मुलायम

कांग्रेस धोखेबाजों की पार्टी है : मुलायम

कांग्रेस धोखेबाजों की पार्टी है : मुलायमइटावा : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस के प्रति तल्ख तेवर अपनाते हुए उसे ‘धोखेबाजों की पार्टी’ करार दिया और कहा कि केन्द्र की सत्ता सर्वोच्च है और कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के बाद सपा को केन्द्रीय भूमिका में लाने के लिये जी-जान से काम करें।

सपा प्रमुख ने बुधवार को अपने पुश्तैनी गांव सैंफई में होली के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस नीत केन्द्र सरकार ने मुसलमानों की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति की सचाई उजागर करने वाली सच्चर समिति की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डालकर उनके साथ छल किया है। कांग्रेस ‘धोखेबाजों’ की पार्टी है और वह आगामी लोकसभा चुनाव में मुसलमानों के वोट हथियाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की जनता को सिर्फ धोखा ही दिया है और आने वाले लोकसभा चुनाव में अवाम उसे सबक सिखाएगी।

यादव ने कहा ‘दिल्ली ही सब कुछ है। राज्य सरकार तो पटवारी की तरह है और केन्द्र सरकार कलेक्टर के जैसी। कलेक्टर के आगे पटवारी की कोई हैसियत नहीं होती। लोकसभा चुनाव के बाद हमें कलेक्टर बनवाइये, इससे उत्तर प्रदेश को भी विकास के लिये पर्याप्त ध्यान मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में सपा केन्द्रीय भूमिका में होगी और केन्द्र में उसके बगैर कोई भी पार्टी या गठबंधन सरकार नहीं बना सकेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को दल को केन्द्रीय भूमिका में लाने के लिये और मुस्तैदी से काम करना चाहिये।

सपा प्रमुख ने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में जनता ने जिस भरोसे के साथ सपा को बहुमत देकर जिताया था और पार्टी को यही इतिहास आगामी लोकसभा चुनाव में दोहराने का लक्ष्य लेकर चलना होगा।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की तुलना गुजरात से करते हुए कहा कि गुजरात को मीडिया इतना बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। मोदी बताएं कि उन्होंने विकास के लिये क्या उतना काम किया जितना उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने किया।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि मोदी ने मीडिया को प्रलोभन देकर अपने कब्जे में लेकर अपना गुणगान कराया। कन्या विद्याधन, लैपटाप, बेरोजगारी भत्ता तथा अन्य विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने जो काम किये वे मोदी नहीं कर सके।

यादव ने दोहराया कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश के मुकाबले 10 गुना ज्यादा अपराध है लेकिन प्रदेश की कानून-व्यवथा को लेकर हो-हल्ला किया जा रहा है।

राज्य के मुख्यमंत्री एवं सपा के प्रान्तीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मौके पर कहा कि कार्यकर्ताओं का अगला निशाना पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव को दिल्ली की गद्दी पर बैठाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सपा के पक्ष में बने माहौल को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है और इसका असर आगामी लोकसभा चुनाव में जरूर दिखेगा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 28, 2013, 13:49

comments powered by Disqus