Last Updated: Wednesday, April 3, 2013, 23:15
नई दिल्ली : कांग्रेस ने 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के अपने उम्मीदवार को लेकर रहस्य बरकरार रखा है। पार्टी प्रवक्ता पीसी चाको ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पद के लिए उत्कृष्ट रूप से योग्य बताते हुए उनकी सराहना की। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अगले आम चुनाव में कांग्रेस की ओर से सिंह या राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जाएगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस तीसरी बार प्रधानमंत्री पद के लिए मनमोहन सिंह को उम्मीदवार के रूप में उतारेगी, चाको ने कहा कि वह (मनमोहन सिंह) इस पद के लिए उत्कृष्ट रूप से योग्य हैं। आपका सवाल सही है लेकिन इसका फैसला 2014 के बाद होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, उन्होंने कहा कि हमारा वही जवाब है। हम समय आने पर फैसला करेंगे।
पार्टी महासचिव जर्नादन द्विवेदी ने कल पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की उस टिप्पणी को खारिज कर दिया था कि सत्ता के दो केंद्रों के माडल का प्रयोग बहुत अच्छा नहीं रहा। द्विवेदी ने कहा था कि यह भविष्य के लिए भी ‘आदर्श माडल’ है। इससे इन अटकलों को बल मिला है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के तीसरे कार्यकाल पर विचार कर सकती है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 3, 2013, 23:15