Last Updated: Thursday, October 18, 2012, 23:23
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोमंगलौर : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने खुदरा क्षेत्र में एफडीआई को जायज ठहराते हुए कहा कि इससे किसान सीधे तौर पर बाजार से जुड़ेंगे और रोजगार तथा बुनियादी ढांचों का निर्माण होगा।
मंगलौर में गुरुवार को एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कर्नाटक की भाजपा सरकार पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सूबे की जनता से झूठे वायदे किए। पांच साल में कर्नाटक को केंद्र से 80,000 करोड़ रुपए दिए गए। लेकिन विकास के नाम पर यहां की जनता से धोखा किया गया। सोनिया ने कहा, ‘कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार को जनता उचित समय पर उचित जवाब देगी।’
भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर हो रहे हमलों के जवाब में आक्रामक अंदाज में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा पर अनेक राज्यों में भ्रष्ट सरकारें चलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी ने अन्य दलों की तुलना में भ्रष्टाचार के कैंसर से लड़ने के लिए काफी कुछ किया है। उन्होंने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि भ्रष्टाचार एक बीमारी है, कैंसर है। यह सबसे ज्यादा गरीबों को प्रभावित करता है। भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए जितना काम संप्रग ने किया है उतना अन्य किसी दल ने नहीं किया। हम आरटीआई लाए क्योंकि हम वाकई भ्रष्टाचार से लड़ना चाहते हैं।’
कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह केवल भ्रष्टाचार से लड़ने का दिखावा कर रही है और कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भ्रष्ट सरकारें चला रही है। उन्होंने कहा, ‘यह वास्तविक सवाल है जो पूछा जाना चाहिए। इनके जवाब आपको मिलने चाहिए।’
सोनिया ने कहा कि कर्नाटक की जनता का राज्य की भ्रष्ट सरकार से मोहभंग हो गया है। विशिष्ट पहचान पत्र से मुख्यमंत्री ग्रामीण बीपीएल आवास योजना, महात्मा गांधी नरेगा योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली योजना, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृति योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और रसोई गैस सिलेंडर वितरण योजनाओं में आम आदमी को मदद मिलेगी।
First Published: Thursday, October 18, 2012, 18:20