Last Updated: Friday, March 2, 2012, 04:20
ज़ी न्यूज ब्यूरो मुंबई: आय के ज्यादा संपत्ति रखने के आरोप का सामना कर रहे काग्रेस नेता कृपाशकर सिंह के परिसरों पर शुक्रवार को मुंबई पुलिस ने छापेमारी की है। शुक्रवार सुबह से ही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह छापे कृपाशंकर सिंह के घरों और दफ्तरों पर मारे गए है। कार्टर रोड, बांद्रा, विले पार्ले, और वकोला के घर और दफ्तरों पर मुंबई पुलिस की छापेमारी जारी है।
कृपाशंकर सिंह को सुप्रीम कोर्ट से भी शुक्रवार को राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें राहत नहीं देते हुए कहा कि मामले की सुनवाई तय समय पर होगी। कृपाशंकर सिंह ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
कुछ दिन पहले कृपाशंकर सिंह ने मुंबई कांग्रेस प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया था। कृपाशंकर सिंह ने स्थानीय चुनावों में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन पर इस्तीफा दिया था। हालांकि कृपाशंकर सिंह के इस्तीफे की घोषणा उस दिन हुई जब बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
बाम्बे हाईकोर्ट ने पिछले सप्ताह एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मुंबई पुलिस को कृपाशंकर सिंह व उनके परिजनों की संपत्ति जब्त करने और उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन पर लगाए गए आरोप की जांच करने के निर्देश दिए थे।
हाईकोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए मुंबई पुलिस ने बीते मंगलवार को सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। बाम्बे हाईकोर्ट ने पुलिस को कृपाशंकर पर मुकदमा चलाने की इजाजत दी थी। जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था।
एफआइआर में उनकी पत्नी मालती देवी, पुत्र नरेंद्र मोहन सिंह और पुत्रवधू अंकिता सिंह का भी नाम है। जनहित याचिका में आरोप लगाया गया था कि कृपाशंकर सिंह जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के करीबी थे और कोड़ा के करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़े लेन-देन में शामिल थे।
First Published: Saturday, March 3, 2012, 09:36