Last Updated: Monday, May 27, 2013, 13:50
नई दिल्ली : कांग्रेस नेताओं पर शनिवार को छत्तीसगढ में हुए नक्सली हमले के बाद केंद्र ने अर्धसैनिक बल के 2000 अतिरिक्त जवान राज्य में भेजे हैं। इस हमले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल समेत कुल 27 लोग मारे गए थे।
सरकारी सूत्रों ने आज कहा कि नेताओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने और नक्सल-विरोधी अभियानों के लिए और अधिक सुरक्षा बलों की छत्तीसगढ सरकार की मांग पर यह फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि एक या दो दिन में ये अतिरिक्त जवान राज्य में तैनात होंगे। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए अर्धसैनिक बल के लगभग 30 हजार जवान पहले से ही तैनात हैं।
माओवादी हिंसा से बुरी तरह प्रभावित राज्यों में से छत्तीसगढ़ भी एक है। पिछले आठ साल में यहां 1900 लोग माओवादी हिंसा में अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें से 570 आम लोग, 700 सुरक्षाकर्मी और बाकी नक्सल कैडर हैं। हथियारबंद माओवादियों ने शनिवार को बस्तर जिले में कांग्रेसी नेताओं के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटेल, उनके बेटे दिनेश, कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा, पूर्व विधायक उदय मुद्लियार समेत कुल 27 लोग मारे गए और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीसी शुक्ल समेत 32 अन्य घायल हो गए। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 27, 2013, 13:50