Last Updated: Tuesday, April 23, 2013, 14:36

नई दिल्ली : चीनी सैनिकों के भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की खबरों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने आज आरोप लगाया कि ऐसा दिल्ली में कमजोर सरकार के कारण हुआ है। इस मुद्दे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ इस बात का खास ध्यान रखा जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि चीन के सैनिकों के भारतीय इलाके में प्रवेश करने जैसी घटनाओं पर नरम रूख नहीं अपनाया जाए।’’ सिन्हा ने कहा कि लेकिन बुनियादी समस्या यह है कि दिल्ली में एक कमजोर सरकार है जिसके कारण बलात्कारियों से लेकर मालदीव और चीन तक को खुली छूट मिली हुई है।
विभिन्न घोटालों की कथित तौर पर लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए सिन्हा ने कहा, ‘‘ जो कुछ भी हो रहा है, उसमें प्रधानमंत्री सीधे संलिप्त है। इसलिए भाजपा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।’’ भाजपा पर सत्ता हासिल करने के लिए लोगों को भ्रमित करने और संसद के कामकाज में बाधा डालने के कांग्रेस और सरकार के कुछ मंत्रियों के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा, ‘‘ जब हम सत्ता में थे तब वे :कांग्रेस: छोटी से छोटी बात पर सदन की कार्रवाई में बाधा डालते थे और अब हमें उपदेश दे रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ देश की जनता को कौन गुमराह कर रहा है, देश की जनता जल्द ही यह तय कर देगी।’’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 23, 2013, 14:36