Last Updated: Wednesday, April 17, 2013, 22:49

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने दावा किया है कि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस अथवा भाजपा की सरकार नहीं बनेगी और तीसरी ताकत ही सत्ता में आएगी।
यादव ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर युवा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में कांग्रेस अथवा भाजपा की सरकार नहीं बनेगी बल्कि तीसरी ताकत सत्ता में आएगी। दोनों पार्टियां अब बहुमत में नहीं आ पाएगी और जब दिल्ली में तीसरी ताकत की सरकार बनेगी तभी जनता की भलाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र में एक दुविधाग्रस्त कमजोर सरकार है तथा भारत की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं।
सपा मुखिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने की सलाह देते हुए कहा कि नवंबर में ही लोकसभा चुनाव हो सकते हैं। यादव ने प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर कोशिशें चल रही हैं और सरकार का संकल्प है कि जब तक उन्हें रोजगार नहीं मिलता तब तक बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। प्रदेश सरकार के अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सपा मुखिया मुलायम ने कहा कि समाजवादी सरकार की उपलब्धियों से घबरा कर विपक्षी दल निराधार आरोप लगा कर प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून एवं व्यवस्था के बारे में दुष्प्रचार किया जा रहा है, जबकि अपराधों का गढ़ दिल्ली है।
सपा मुखिया ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विरोधी दलों की साजिशों को नाकाम करना है और इसीलिए 23 अप्रैल को सभी जिलों में कार्यक्रम करके जनता को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के निर्देश दिये गये हैं। यह सिलसिला निरंतर जारी रहना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा ने पांच साल के शासनकाल में राज्य को बर्बाद कर दिया था ,मगर सत्तारूढ होने के बाद से ही समाजवादी सरकार स्थिति सुधारने में लगी है और विकास की गाड़ी पटरी पर आने लगी है , जिससे विरोधी दलों में घबराहट है।
उन्होंने कहा कि सीआईआई और फिक्की जैसे व्यापारी संगठन देश की राजनीति की दिशा तय करने में लगे हैं और ऐसे में नौजवानों को अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए केन्द्र में किसानों की सरकार बनानी है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 17, 2013, 22:49