Last Updated: Monday, May 27, 2013, 19:40
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसीनई दिल्ली : चिलचिलाती धूप और कड़कती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मानसून तीन जून को केरल में दस्तक दे देगा।
मौसम विभाग के निदेशक शिवानंद पई ने सोमवार को कहा, ‘उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून अपने सामान्य तारीख 3 जून के आस-पास केरल पहुंच जाएगा।’
मानसून 17 मई को अंडमान में अपनी दस्तक दे चुका है। अंडमान में मानसून अपने सामान्य निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले पहुंचा।
मौसम विभाग ने पिछले महीने मानसून को लेकर अपना पहला अनुमान जताया था। मौसम विभाग ने इस वर्ष सामान्य मानसून की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल औसतन 98 प्रतिशत बारिश होगी।
भारत में मानसून करीब चार महीने सक्रिय रहता है। इस अवधि में सर्वाधिक बारिश होती है। मानसून सबसे पहले केरल पहुंचता है और इसके बाद वह देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ता है।
First Published: Monday, May 27, 2013, 18:08