Last Updated: Monday, August 26, 2013, 12:03

नई दिल्ली : अयोध्या से चौरासी कोसी परिक्रमा के मुद्दे पर भाजपा एवं सपा सदस्यों के हंगामे के कारण आज लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद साढ़े 11 बजे फिर से 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। कार्यवाही शुरू होने पर कर्नाटक से नवनिर्वाचित दो सदस्यों डी के सुरेश और राम्या ने सदन की सदस्यता की शपथ ली।
इसके तत्काल बाद सपा सदस्य अयोध्या से विहिप की चौरासी कोसी परिक्रमा के विषय को उठाते हुए आसन के समीप आ गए। सपा सदस्य भाजपा पर राज्य में माहौल खराब करने का आरोप लगा रहे थे।
वहीं, भाजपा के गणेश सिंह समेत अन्य सदस्यों ने उत्तरप्रदेश में सपा के नेतृत्व वाली सरकार को बख्रास्त करने की मांग की। अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और उन्हें बोलने का मौका देने की बात कही।
भाजपा के योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में सपा के नेतृत्व वाली सरकार संतों को प्रताड़ित कर रही है और धार्मिक अनुष्ठान करने से रोका जा रहा है।
इस बीच सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव कुछ कहने के लिए उठे लेकिन भाजपा सदस्यों ने कहा कि पहले योगी आदित्यनाथ बोलेंगे। शोर शराबा थमता नहीं देख अध्यक्ष मीरा कुमार ने कार्यवाही करीब 20 मिनट के लिए साढ़े ग्यारह बजे तक स्थगित कर दी।
साढ़े 11 बजे भी सपा और भाजपा सदस्यों के बीच तकरार जारी रही। उधर कांग्रेस के कुछ सदस्य सम्यक आंध्र की मांग को लेकर हाथों में पोस्टर लिए हुए आसन के सामने आ गए। व्यवस्था बनते नहीं देख अध्यक्ष ने कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 26, 2013, 12:03