क्या कांग्रेस भूल गई है बोफोर्स के बाद सत्ता से बेदखली : विपक्ष

क्या कांग्रेस भूल गई है बोफोर्स के बाद सत्ता से बेदखली : विपक्ष

क्या कांग्रेस भूल गई है बोफोर्स के बाद सत्ता से बेदखली : विपक्षनई दिल्ली : कोयला मुद्दे पर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान की विपक्षी दलों ने जमकर आलोचना की है। विपक्षी दलों ने उन्हें याद दिलाया कि बोफोर्स कांड के बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई थी और उसके बाद इसे अकेले दम पर कभी बहुमत नहीं मिला। गौरतलब है कि शिंदे ने कहा था कि बोफोर्स की तरह कोयला मुद्दे को भी लोग जल्द ही भूल जाएंगे।

भाजपा नेता बलबीर पुंज ने कहा, ‘1984 में इंदिरा गांधी की मौत के बाद जब चुनाव हुए तो कांग्रेस को 400 से ज्यादा सीटें मिलीं। बोफोर्स कांड के पांच वर्ष बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई और इसके सीटों की संख्या आधी हो गई। यह अलग मामला है कि लोग बोफोर्स मामले को भूले हैं या नहीं लेकिन कांग्रेस भूल गई है कि बोफोर्स के बाद उसके साथ क्या हुआ। इसके बाद कांग्रेस को अपने बूते बहुमत नहीं मिला।’

भाकपा के डी. राजा ने भी सत्तारुढ़ पार्टी को याद दिलाया कि बोफोर्स के बाद वह चुनाव हार गई थी और लोगों ने तत्कालीन सरकार को यह संदेश दिया था। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी और शिंदे को यह याद रखना चाहिए।’ जद यू अध्यक्ष शरद यादव ने शिंदे को अपना पुराना मित्र बताया लेकिन अपनी अप्रसन्नता नहीं छिपा सके। यादव ने कहा, ‘वह हाल में दिल्ली आए हैं। उनका महत्व कांग्रेस पार्टी के कारण है। बेहतर है वह केवल गृह मंत्रालय के बारे में बोलें। राजनीतिक मुद्दों पर उन्हें कम बोलना चाहिए।’

पुणे में शनिवार को एक समारोह को संबोधित करते हुए शिंदे ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि ‘पहले बोफोर्स पर चर्चा होती थी। लोग उसे भूल गए। अब कोयले पर चर्चा हो रही है। लोग इसे भी भूल जाएंगे।’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 16, 2012, 20:05

comments powered by Disqus