Last Updated: Sunday, November 18, 2012, 23:08

पटना : भगवान भास्कर के आराधना के चार दिवसीय महापर्व छठ के आज दूसरे दिन व्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद खरना में रोटी एवं गुड़ और चावल से बनी खीर का भोग लगाया और पूजा-अर्चना की।
नहाय-खाय के साथ शनिवार से शुरू हुए लोक आस्था के इस पर्व पर दूसरे दिन व्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद खरना में रोटी एवं खीर का भोग लगाया और पूजा-अर्चना की।
आज के खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटों का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा जो कल अस्ताचलगामी सूर्य एवं परसों उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ पूरा होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास एक अणे मार्ग पर आज खरना के बाद देर शाम तक प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
एक अणे मार्ग जहां मुख्यमंत्री की छोटी बहन इंदू देवी, भांजा सुनील कुमार सिन्हा की पत्नी गीता कुमारी सहित उनके निकट संबंधी छठ व्रत कर रहे हैं, खरना का प्रसाद खाने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का नीतीश से स्वयं स्वागत किया।
नीतीश ने छठ आस्था का महान पर्व बताया और कहा कि बिहार के लोग बड़ी आस्था और पवित्रता के साथ इस पर्व को मनाते हैं। यह सबके भावनाओं से जुडा पर्व है इसलिए इसे लोक आस्था का पर्व कहा जाता है। इस पर्व के दौरान लोग दूसरों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसका ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा कि कल शाम जिस समय लोग अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, उस समय वह खुद छठ घाटों के भ्रमण करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने वालों में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार के कई अन्य मंत्री, बिहार विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, बिहार विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह,बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अरूण कुमार एवं ताराकांत झा तथा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल थे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 18, 2012, 23:08