Last Updated: Saturday, July 14, 2012, 16:02

नई दिल्ली : जनता दल युनाइटेड ने बागपत जिले की एक पंचायत द्वारा महिलाओं के बारे में जारी किए गए फरमान को लेकर शनिवार को खाप पंचायतों पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि इस तरह की प्रवृतियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जदयु के अध्यक्ष शरद यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इन असंवैधानिक खाप पंचायतों ने गैर कानूनी फरमान जारी कर देश के कानून का खुलेआम उल्लंघन किया है। आखिर खाप पंचायतें महिलाओं के कहीं आने-जाने और उनके मोबाइल फोन के इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध कैसे लगा सकती हैं। इस तरह के खाप पंचायतों के आदेश हमारे समाज पर कलंक हैं।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह है कि यह घटना राष्ट्रीय राजधानी के करीब में हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को ऐसी चीजों से सख्ती से निपटना चाहिए।
यादव ने कहा कि वोट बैंक को खोने के डर से सरकार और हमारे राजनीतिक नेता इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यह एक सामाजिक मुद्दा है ओर इसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 14, 2012, 16:02