Last Updated: Thursday, January 24, 2013, 22:37
भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान के खिलाफ आयोजित देशव्यापी धरना प्रदर्शन के तहत मध्य प्रदेश में भी राजधानी भोपाल सहित जिला मुख्यालयों पर धरना दिया गया। इन धरनों में शामिल हुए नेताओं ने शिंदे को बर्खास्त किए जाने के साथ उनके बयान को देशद्रोही करार दिया।
राजधानी भोपाल में भवानी चौक पर आयोजित धरने में भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद बलवीर पुंज ने कहा कि गृहमंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने राष्ट्रवादी संगठन पर गैरजिम्मेदाराना बयान देकर देशद्रोह का काम किया है और देशद्रोह की कोई माफी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि शिन्दे ने देश के खिलाफ अपराध किया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने शुरू से ही भारत पर प्रहार किए हैं और भारत की कालजयी संस्कृति को नष्ट करने का काम किया है। 2008 में मुंबई हमला और देश में कई जगह हुए बम विस्फोट इसका उदाहरण हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि यह हम सब का धर्म और कर्तव्य है कि मनमोहन सिंह सरकार को बर्खास्त करें।
दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे ओसामा और हाफिज जैसे क्रूर आतंकवादियों को जी शब्द से संबोधित करते हैं वहीं बाबा रामदेव को ठग कहते हैं। आजमगढ़ में आतंकवादियों को सांत्वना देने के लिए दिग्विजय सिंह जाते हैं लेकिन देश के लिए अपना सिर कटाने वाले शहीद सुधाकर सिंह के परिजनों की सुध तक नहीं लेते।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस की बुनियाद सांप्रदायिकता के ऊपर रही हैं। कांग्रेस की स्वार्थपरक नीति के कारण और जवाहरलाल नेहरू एवं जिन्ना की जिद के कारण भारत के दो भाग हुए हैं।
First Published: Thursday, January 24, 2013, 22:37