Last Updated: Friday, December 21, 2012, 19:42

नई : दिल्ली में चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई 23 वर्षीय छात्रा का दोस्त घटना के बाद पहली बार उससे अस्पताल में मिला। लड़की ने इस दौरान उससे आरोपियों के बारे में पूछा।
लड़की का सॉफ्टवेयर इंजीनियर दोस्त भी घटना के समय उसके साथ था और जब उसने लड़की को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटा।
लड़की के भाई ने शुक्रवार को बताया कि लड़की के दोस्त ने कल रात सफदरजंग अस्पताल में उससे मुलाकात की जिस दौरान उसने लड़की को बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लड़की के भाई ने बताया,‘कल रात नौ बजे के आसपास मेरी बहन का दोस्त आया जो रविवार को हादसे के समय उसके साथ था। घटना के बाद दोनों पहली बार एक दूसरे से मिल रहे थे। उसने पांच मिनट तक बातचीत की।’
भाई ने बताया कि उसकी बहन पूरे इलाज के दौरान अपने दोस्त के बारे में पूछती रही कि उसकी कैसी हालत है।
उसके मुताबिक जब बहन को उसके दोस्त ने देखा तो सबसे पहले कहा कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद बहन के चेहरे पर संतोष का भाव दिखाई दिया।
घटना के बाद अपनी बहन से तीन से चार बार मिल चुके भाई ने कहा कि पहली मुलाकात के दौरान उसने भी लड़की को बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। यह सुनकर लड़की खुश हुई थी।
भाई के अनुसार लड़की की हालत अभी गंभीर है।उसने बताया कि लड़की हाव.भाव और कागजों पर लिखकर अपनी बात कह रही है। उसने पुलिस को भी लिखकर कुछ जानकारी दी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 21, 2012, 19:24