Last Updated: Saturday, June 8, 2013, 12:22
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली/पणजी: गोवा में तीन दिन तक चलने वाली भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज दूसरा दिन है। भाजपा लालकृष्ण आडवाणी के बिना इस लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव अभियान समिति के प्रमुख का चुनाव करेगी। खबर है आडवाणी खराब स्वास्थ्य के कारण बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इस बैठक में भाजपा का मुख्य एजेंडा 2014 लोकसभा चुनाव है। इसके अलावे राष्ट्रीय सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
इस बार कार्यकारिणी बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें यह तय हो सकता है कि वर्ष 2014 में होने वाले आम चुनाव में भाजपा का नेतृत्व कौन करेगा साथ ही लोकसभा चुनाव की रणनीति तय होगी। सूत्रों का कहना है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले आम चुनाव में पार्टी के प्रचार की कमान सौंपी जा सकती है।
शायद भाजपा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब लालकृष्ण आडवाणी अगले लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव अभियान समिति के प्रमुख के चुनाव में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं होंगे। आडवाणी के बैठक में हिस्सा नहीं लेने का कारण खराब स्वास्थ्य बताया गया है। उम्मीद है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आम चुनाव में मोदी की भूमिका के बारे में चर्चा होगी। आडवाणी की कल बैठक के दूसरे दिन भी हिस्सा लेना अनिश्चित है। वर्ष 2014 में आयोजित होने वाले अगले आम चुनाव में मोदी की भूमिका को लेकर पार्टी को दो हिस्सों में विभाजित कर दिया है। कुछ नेता उन्हें आगे बढ़ा रहे हैं जबकि आडवाणी से नजदीकी रखने वाले कुछ लोग उनका विरोध कर रहे हैं। संभवत: विरोध जताने के लिए उमा भारती, जसवंत सिंह, योगी आदित्यनाथ पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
First Published: Saturday, June 8, 2013, 09:23