'घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को मिले सजा' - Zee News हिंदी

'घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को मिले सजा'

चेन्नई: इटली के एक जहाज से चली गोलियों से दो भारतीय मछुआरों के मारे जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जहाजरानी मंत्री जीके वासन ने शनिवार को कहा कि दोषियों को उचित सजा मिलनी चाहिए।

 

केरल के निकट घटी घटना के बारे में पूछे जाने पर वासन ने चेन्नई में संवाददाताओं से कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इतालवी सशस्त्र गार्ड ने भारतीय मछुआरों पर गोली चलाईं। यह स्वीकार्य नहीं है।’

 

उन्होंने कहा कि जहाजरानी महानिदेशक ने घटना के मामले में जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह भलीभांति पता है कि जब जलदस्यु हमले का संदेह होता है तो कुछ प्रोटोकॉल अपनाये जाते हैं। वासन ने कहा, ‘यहां इसका पालन नहीं किया गया। जांच से सचाई सामने आएगी। दोषियों को देश के कानून के मुताबिक उचित सजा मिलनी चाहिए।’ वासन के अनुसार इस बात को लेकर संदेह है कि इतालवी जहाज पर सवार चालक दल ने घटना की जानकारी समय पर क्यों नहीं दी।

 

केरल के कोल्लम तट के निकट 15 फरवरी को इतालवी जहाज एनरिका लेक्सी से दो भारतीय मछुआरों अजेश बिनकी तथा जलस्टीन की नौका पर गोली चलाई गयी जिसमें उनकी मौत हो गयी।

 

समुद्री अधिकारियों का प्राथमिक आकलन बताता है कि विदेशी जहाज पर सवार सशस्त्र गार्डों ने इसे जलदस्युओं का पोत समझने की गलती करके गोली चलाई होगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 18, 2012, 14:17

comments powered by Disqus