घर लौटे सुकमा के कलेक्टर - Zee News हिंदी

घर लौटे सुकमा के कलेक्टर

सुकमा (छत्तीसगढ़):  छत्तीसगढ़ के सुकमा के जिलाधिकारी एलेक्स पॉल मेनन शुक्रवार सुबह अपने घर पहुंच गए। उन्हें 13 दिन पहले नक्सलियों ने अगवा कर लिया था। उनकी गर्भवती पत्नी आशा उनके स्वागत के लिए घर के दरवाजे पर मौजूद थीं। आशा व परिवार के अन्य सदस्यों ने परम्परागत आरती के साथ मेनन का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके घर के बाहर सैकड़ों मीडिया कार्यकर्ता मौजूद थे। कई स्थानीय लोग भी मेनन के स्वागत के लिए पहुंचे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 32 वर्षीय अधिकारी मेनन को नक्सलियों ने गुरुवार शाम 6.30 बजे मुक्त किया था। उन्हें तरमेटला में नक्सली मध्यस्थों को सौंपा गया। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मेनन की मुक्ति की घटना को राज्य में नक्सलियों के साथ शांति कायम करने की दिशा में पहला कदम बताया है।

 

मेनन का छत्तीसगढ़ के बस्तर के जंगली इलाके से 21 अप्रैल को अपहरण किया गया था। नक्सली मेनन के दो अंगरक्षकों अमजद खान व किशन कुजुर की हत्या कर उन्हें अपने साथ अगवा कर ले गए थे। ऐसा माना जा रहा था कि नक्सली उन्हें भारी सुरक्षा वाले घने जंगल में ले गए थे।

 

नक्सली वार्ताकारों व सरकार के मध्यस्थों निर्मला बुच और एस.के. मिश्रा के सोमवार रात दो पृष्ठों के एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद मेनन की मुक्ति सुनिश्चित हुई थी।

 

दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के मुताबिक एक उच्च-स्तरीय समिति गठित की जाएगी जो नक्सलियों की सभी मांगों पर विचार करेगी।

 

इन मांगों में कथित तौर पर झूठे आरोपों में जेल में बंद नक्सलियों की रिहाई का मुद्दा भी शामिल है। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 4, 2012, 11:21

comments powered by Disqus