घुसपैठ करने वाला पाकिस्तानी सैनिक मारा गया

घुसपैठ करने वाला पाकिस्तानी सैनिक मारा गया

घुसपैठ करने वाला पाकिस्तानी सैनिक मारा गयानई दिल्ली : जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास एक बार फिर संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटना हुई और भारतीय भूभाग में घुसपैठ करने वाले एक पाकिस्तानी सैनिक को नौशेरा सेक्टर में सेना ने मार गिराया। इस घटना से एक माह पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय भूभाग में प्रवेश कर दो भारतीय सैनिकों को मार डाला था तथा उनमें से एक का सर काट कर अपने साथ ले गए थे।

सेना के प्रवक्ता कर्नल जे दाहिया ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के डीजीएमओ ने मारे गए घुसपैठिये की पहचान की पुष्टि की है। वह पाकिस्तानी सैनिक था। पाक सेना के डीजीएमओ ने उसका शव लौटाए जाने का अनुरोध किया जिसे भारतीय पक्ष ने स्वीकार कर लिया है।

घटना का ब्यौरा देते हुए उन्होंने बताया कि कल करीब तीन बजे नौशेरा में नियंत्रण रेखा पर हलचल दिखाई दी। ‘ललकारने पर घुसपैठिये ने भारतीय चौकी पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में लड़ाकू वर्दीधारी घुसपैठिया मारा गया। उसके पास से एक एके-47 बरामद हुई है।’ घटना के बाद पाकिस्तानी डीजीएमओ ने कल शाम अचानक अपने भारतीय समकक्ष से बातचीत का आग्रह किया और आज फोन भी किया।

प्रवक्ता ने बताया ‘आज हमारे डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल विनोद भाटिया के पास अचानक उनका फोन आया और उन्होंने पुष्टि की कि वह घुसपैठिया पाकिस्तानी सैनिक था। उनके आग्रह पर, सैनिक का शव पूरे सम्मान के साथ पाकिस्तान को लौटा दिया जाएगा।’ उन्होंने कहा कि दोपहर में नौशेरा सेक्टर में सैनिक का शव पाकिस्तानी अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

दहिया ने कहा कि कृष्णा घाटी सेक्टर में आज संघर्ष विराम उल्लंघन की एक और घटना हुई। आज सुबह आठ बजे से सवा नौ बजे के बीच भारतीय चौकी पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी की। उन्होंने कहा ‘हमारी ओर कोई हताहत नहीं हुआ है। हमारे सैनिकों ने नियंत्रित तरीके से जवाबी कार्रवाई की।’ (एजेंसी)

First Published: Friday, February 15, 2013, 16:52

comments powered by Disqus