Last Updated: Saturday, May 4, 2013, 15:26

नई दिल्ली : रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे की कथित रिश्वत मामले में हुई गिरफ्तारी से उठे विवाद के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की आज शाम यहां बैठक हो रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कोर ग्रुप की आज शाम साढे चार बजे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निवास पर बैठक होगी। सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी, सुशील कुमार शिंदे, पी चिदम्बरम और अहमद पटेल इस कोर ग्रुप के सदस्य हैं।
रेलवे बोर्ड में कथित तौर पर एक शीर्ष ओहदा दिलाने के लिए 90 लाख रूपये की रिश्वत से जुड़े मामले में सीबीआई ने कल रात बंसल के भांजे वी सिंगला को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने रेलवे बोर्ड के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया है।
बंसल ने हालांकि अपने भांजे से दूरी बनाते हुए आज कहा कि उसके साथ उनके कोई व्यावसायिक संबंध नहीं हैं। उन्होंने किसी गड़बड़ी से इंकार किया। भाजपा ने इस मामले को लेकर रेल मंत्री को बर्खास्त किये जाने और उनके खिलाफ सीबीआई जांच कराने की मांग की है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 4, 2013, 15:26