चिदंबरम की जानकारी गलत है: ममता

चिदंबरम की जानकारी गलत है: ममता

चिदंबरम की जानकारी गलत है: ममता कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार रात केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम के उस बयान पर सवाल उठाया जिसमें चिदंबरम ने राज्य में राजनीतिक दलों के बीच संघर्ष को लेकर चिंता प्रकट की थी। ममता ने कहा कि चिदंबरम की जानकारी गलत है।

उन्होंने चिदंबरम को लिखे एक पत्र में कहा, ‘आपको इस तरह की जानकारी कहां से मिली? यह जानकारी गलत है।’’ उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में राजनीतिक संघर्ष के मामलों में कमी आई है और प्रदेश में अब शांति है।
ममता ने कहा कि चिदंबरम को प्रदेश की कानून व्यवस्था के बारे में दी गयी जानकारी गलत है और वास्तविक आंकड़े कुछ और बोलते हैं।

उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि 2011 में राजनीतिक संघर्ष में 62 लोग मारे गये थे, जिस साल पांच महीने वाम मोर्चा का शासन रहा था। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य कुणाल घोष के मुताबिक पत्र में लिखा है कि इन 62 लोगों में से 35 तृणमूल कांग्रेस के थे और 27 अन्य राजनीतिक दलों के थे।

ममता के मुताबिक 2012 में अब तक प्रदेश में हुए राजनीतिक झगड़ों में केवल पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें से चार तृणमूल कांग्रेस के थे। चिदंबरम ने कल कोलकाता में कहा था कि राज्य में पिछले छह महीने में अंतर-दलीय संघर्ष में 82 लोगों की मौत हो गयी और 1,112 लोग घायल हो गये, जो चिंता की बात है।

पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री और वरिष्ठ तृणमूल नेता सुब्रत मुखर्जी ने इससे पहले चिदंबरम के बयान को राष्ट्रपति चुनाव से पहले राज्य सरकार के खिलाफ धमकी और साजिश करार दिया था। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 6, 2012, 23:34

comments powered by Disqus