Last Updated: Friday, December 16, 2011, 06:15
नई दिल्ली: भाजपा समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों की गृह मंत्री पी चिदम्बरम की बर्खास्तगी की मांग तथा कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में मराठी भाषी लोगों को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने के मुद्दे पर राज्य सरकार को बर्खास्त करने की शिवसेना सदस्यों की मांग पर लोकसभा में शुक्रवार को भारी हंगामा हुआ। इसके कारण कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शुक्रवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही शिवसेना सदस्य कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में मराठीभाषी लोगों को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने के मुद्दे पर राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग करने लगे। शिवसेना सदस्य अपने हाथों में पर्चे लिये हुए थे जिस पर कर्नाटक सरकार को बख्रास्त करने की मांग की गई थी।
वहीं, भाजपा और अन्नाद्रमुक सदस्य दिल्ली के होटल व्यवसायी के खिलाफ कथित ठगी और जालसाजी से संबंधित तीन एफआईआर वापस लिये जाने के मामले में गृह मंत्री पी चिदंबरम को बख्रास्त किये जाने की मांग करने लगे। समाजवादी पार्टी के सदस्य भी किसी विषय को उठा रहे थे।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों को शांत रहने और प्रश्नकाल चलने देने का अनुरोध किया लेकिन सदस्य शांत नहीं हुए। शिवसेना, अन्नाद्रमुक और सपा सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आ गए और नारेबाजी करने लगे।
शोर शराबा थमता नहीं देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही कुछ मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 16, 2011, 13:25