चुनावी सर्वे में किसी को बहुमत नहीं - Zee News हिंदी

चुनावी सर्वे में किसी को बहुमत नहीं

नई दिल्ली:  मतदान के बाद किए गए दो सर्वेक्षणों ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत दिए। सरकार बनाने के चार प्रमुख दावेदार दलों में समाजवादी पार्टी (सपा) की दावेदारी को शीर्ष स्थान दिया गया है।

 

इंडिया टीवी-सी वोटर के मत सर्वेक्षण में जहां सपा को 141 सीटें दी गई हैं, वहीं न्यूज 24-चाणक्य ने इस पार्टी को सबसे अधिक 185 सीटें दी हैं। 403 विधानसभा सीटों के लिए अंतिम चरण का मतदान शनिवार को सम्पन्न हो गया। मतगणना मंगलवार को होगी।

 

इंडिया टीवी के सर्वेक्षण में कहा गया है कि सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 126 सीटें मिलेंगी। पांच साल पूर्व यह पार्टी 206 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी। न्यूज 24 के सर्वेक्षण में मुख्यमंत्री मायावती की पार्टी बसपा को केवल 85 सीटें दी गई हैं। इंडिया टीवी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 83 सीटें, जबकि न्यूज 24 ने इस पार्टी को केवल 55 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

 

इंडिया टीवी के मुताबिक कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 31 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि न्यूज 24 ने इस पार्टी को 55 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है।

 

उल्लेखनीय है कि 2007 के विधानसभा चुनाव में सपा को 97, भाजपा को 51 और कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 4, 2012, 13:19

comments powered by Disqus