Last Updated: Wednesday, November 30, 2011, 06:03
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड और उड़ीसा की विभिन्न विधानसभा सीटों के लिए बुधवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया। इन सभी सीटों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कर्नाटक में बेल्लारी ग्रामीण विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। उपचुनाव सत्तारूढ़ भाजपा में खनन कारोबारी रेड्डी बंधुओं का भविष्य तय करेगा। भाजपा और विधानसभा से इस्तीफा दे चुके रेड्डी बंधुओं ने इस उपचुनाव में अपने सहयोगी एवं पूर्व मंत्री बी. श्रीरामालु को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।
हिमाचल प्रदेश के रेणुका (आरक्षित) व नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। सर्दी के बावजूद मतदान शुरू होने के काफी पहले से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें देखी गईं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस व भाजपा उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
हरियाणा की आदमपुर व रतिया विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। आदमपुर विधानसभा सीट हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) के उम्मीदवार कुलदीप विश्णोई के हिसार संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हो जाने से सीट खाली हुई थी। रतिया विधानसभा सीट सितम्बर से रिक्त है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायक ज्ञानचंद ओध के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी।
बिहार के मधुबनी जिले की रिक्त पड़ी लौकहा विधानसभा सीट के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया। राज्य के पूर्व पंचायती राजमंत्री एवं जनता दल (यू) के विधायक हरिप्रसाद साह के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी।
झारखण्ड के रामगढ़ जिले की मांडू विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को 400 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। झामुमो से जयप्रकाश पटेल व झाविमो से मनीष जायसवाल मैदान में हैं। मांडू सीट पर 2,98,460 मतदाता 22 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।
ओडिशा के नबरंगपुर जिले की उमरकोट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। उमरकोट विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। बीजू जनता दल (बीजद) के विधानसभा सदस्य जगबंधू माझी की 24 सितम्बर को हत्या होने के बाद से यह सीट रिक्त थी।
First Published: Wednesday, November 30, 2011, 11:33