जंतर-मंतर पर अन्ना का एक दिन का अनशन - Zee News हिंदी

जंतर-मंतर पर अन्ना का एक दिन का अनशन

नई दिल्ली:  सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी लोकपाल की मांग को लेकर अपना एक दिवसीय अनशन रविवार को जंतर मंतर पर सुबह लगभग 11.30 बजे शुरू कर दिया।

 

अनशन स्थल पर पहुंचने से पहले अन्ना राजघाट गए और वहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर मत्था टेका।

 

अन्ना का अनशन शुरू होने से पहले जंतर मंतर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश में भ्रष्टाचार का विरोध करने के दौरान अपनी जान गंवाने वाले अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

अन्ना के आज के सांकेतिक अनशन की खास बात यह है कि भ्रष्टाचार का विरोध करने के दौरान मारे गए जाबाज अधिकारियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के परिजन भी मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

 

जंतर मंतर पर अन्ना के साथ मंच पर उनके प्रमुख सहयोगी, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश संतोष हेगड़े, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता किरण बेदी, अरविंद केजरीवाल आदि प्रमुख लोग मौजूद हैं।

 

अन्ना देश से भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए एक प्रभावी लोकपाल कानून की मांग को लेकर एक लम्बे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उनके आंदोलन ने देशभर में लोगों का ध्यान अपनी ओर खीचा है।

 

सरकार ने एक लोकपाल विधेयक संसद में पेश किया है और लोकसभा ने उसे अपनी मंजूरी भी दे दी है। लेकिन यह विधेयक अभी राज्यसभा में पारित नहीं हो पाया है, क्योंकि राज्यसभा में सरकार के पास बहुमत नहीं है।

 

सरकार मौजूदा बजट सत्र में राज्यसभा में इस विधेयक को पारित कराने की कोशिश में जुटी हुई है। लेकिन अन्ना इस विधेयक को कमजोर बताते हैं और उन्होंने इसे वापस लेने की सरकार से मांग की है।

 

इससे पहले नोएडा में अन्ना ने कहा कि यह आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ शहीद लोगों के प्रति सरकार को जागरुक करने के लिए हैं। अन्ना ने कहा कि सरकार संवेदनहीन हो गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में लोग मर रहे हैं और सरकार कुछ नहीं कर रही है। अन्ना ने कहा कि आज सिर्फ चेतावनी देने के लिए यह अनशन किया जा रहा है और अगर सरकार जल्द नहीं जागी तो पिछली बार से ज्यादा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 

अन्ना हजारे संसद के मौजूदा सत्र में जन लोकपाल विधेयक पारित करने की मांग कर रहे हैं। अपने एक दिन के अनशन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता जन लोकपाल विधेयक के तहत व्हिशिलब्लोअर की सुरक्षा के लिए सख्त प्रावधान करने की भी मांग करेंगे।

First Published: Sunday, March 25, 2012, 19:24

comments powered by Disqus