जगन को जमानत पर नायडू ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जगन को जमानत पर नायडू ने कांग्रेस पर साधा निशाना

नई दिल्ली : आय से अधिक संपत्ति के मामले में वाईएस जगनमोहन रेड्डी को जमानत मिलने के कुछ ही घंटे बाद तेलगूदेशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को आरोप लगाया कि जगन की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के बीच मिलीभगत है।

नायडू ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘जिस तरह से उन्हें जमानत दी गयी और जिस तरह उनके खिलाफ दाखिल आरोपपत्र को हल्का कर दिया गया, वह दिखाता है कि वाईएसआर कांग्रेस और कांग्रेस के बीच आपसी समझ है।’

उन्होंने दावा किया कि सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष कहा था कि जगन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला अपराध का बड़ा मामला है।

नायडू ने कहा, ‘यह केवल दिखाता है कि कांग्रेस आंध्र प्रदेश में पार्टियों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। एक तरफ वे पिछले चार साल से आंध्र प्रदेश के भविष्य को लेकर फैसले में देरी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे दलों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।’

उन्होंने टीआरएस के कांग्रेस में विलय के संबंध में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बयान की भी आलोचना की। नायडू ने कहा, ‘क्या यह उचित है।’ उन्होंने संप्रग सरकार पर अनेक घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी इसे ‘राष्ट्रीय मुद्दा’ बनाएगी।

तेदेपा के राजग में शामिल होने के सवालों को नायडू टाल गये। जब इस ओर इशारा किया गया कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में नायडू की तारीफ की थी तो उन्होंने कहा कि मोदी ने तेदेपा के संस्थापक एनटी रामाराव की प्रशंसा की थी।

उन्होंने कहा, ‘एनटी रामाराव की सभी तारीफ करते हैं।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, September 23, 2013, 23:53

comments powered by Disqus