जनरल के फैसले को चुनौती देंगे प्रकाश

जनरल के फैसले को चुनौती देंगे प्रकाश


नई दिल्ली : सुकना भूमि घोटाले में अपने कोर्ट मार्शल पर सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह द्वारा मुहर लगाए जाने के बाद सेना के पूर्व सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अवधेश प्रकाश ने मंगलवार को कहा कि वह इस फैसले को न्यायालय में चुनौती देंगे। एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में प्रकाश ने कहा कि मैं कानूनी प्रक्रिया अपनाने जा रहा हूं और सेना प्रमुख के आदेश को चुनौती दूंगा।

ज्ञात हो कि लेफ्टिनेंट जनरल प्रकाश पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में सुकना सैन्य केंद्र की 33वीं कोर मुख्यालय के समीप 70 एकड़ भूखंड के घोटाले में दोषी पाए गाए हैं। उन्होंने अपनी बर्खास्तगी एवं कोर्टमार्शल पर सेना प्रमुख जनरल सिंह की मंशा पर सवाल उठाए हैं। एक समाचार चैनल से बातचीत में प्रकाश ने कहा कि जनरल सिंह इस मामले में शुरू से ही दिलचस्पी दिखाते रहे हैं। यह न्याय के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सेना एवं शैक्षणिक संस्थान के बीच सहमति पत्र रद्द किए जाने के छह महीने बाद कोर्ट आफ इन्क्वायरी का आदेश क्यों दिया गया।

लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि यह मेरे लिए भावनात्मक एवं मानसिक रूप से एक कठिन समय रहा है। 40 वर्षो की सेवा के बाद सेना के एक व्यक्ति के लिए सम्मान ही सब कुछ होता है। प्रकाश ने उन आरोपों को भी खारिज किया कि सैन्य सचिव रहते हुए उन्होंने जनरल सिंह के उम्र विवाद को दोबारा सतह पर लाने में भूमिका निभाई। प्रकाश ने कहा कि इस मसले को दोबारा सामने लाने के लिए सेना प्रमुख खुद जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि उम्र विवाद के लिए मुझे क्यों जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

सेना प्रमुख पर अपने खिलाफ पूर्वाग्रह रखने का आरोप लगाते हुए प्रकाश ने दावा किया कि उनके द्वारा सैन्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण करने से पहले उम्र विवाद को लेकर सेना मुख्यालय एवं सिंह के बीच पत्राचार हुआ था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, May 29, 2012, 21:42

comments powered by Disqus