Last Updated: Monday, August 20, 2012, 12:19

जम्मू : जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में उग्रवादियों के एक समूह को भारतीय भूभाग में घुसपैठ कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने एक बार फिर संघषर्विराम का उल्लंघन किया और भारतीय चौकियों को निशाना बना कर गोलबारी की। जवाबी कार्रवाई में एक घुसपैठिया ढेर हो गया। पिछले पखवाड़े में पाकिस्तान द्वारा यह 14 वां संघषर्विराम उल्लंघन है जब पड़ोसी देश ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की।
अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने बीती रात दस बज कर करीब तीस मिनट पर जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर माला बेला, गरखल, सिदरा कैंप और नाका नंबर दस पर मौजूद भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी का उद्देश्य उग्रवादियों के एक समूह को भारतीय भूभाग में प्रविष्ट कराने के लिए मदद देना था। उन्होंने कहा कि हम सीमा पर संदिग्ध उग्रवादियों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं। अधिकारियों के अनुसार, सीमा रेखा की निगरानी कर रहे बीएसएफ के जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद भीषण गोलीबारी हुई जिसमें एक घुसपैठिया मारा गया और अन्य वापस भाग गए। गोलीबारी आज सुबह सात बज कर करीब तीस मिनट तक चलती रही।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल देर रात पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा से लगी कृष्णागति पट्टी पर स्थित अग्रणी चौकियों पर भी गोलीबारी की। सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और एक घंटे बाद गोलीबारी रुकी। पाकिस्तान ने इस माह बार बार संघषर्विराम उल्लंघन किया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 17 अगस्त को भारतीय चौकियों तथा आरएसपुरा सब सेक्टर में कोरोटोना बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपीएस) पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई थी जिसमें बीएसएफ का एक जवान चंदर राय शहीद हो गया था। सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पंसार बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) पर तथा नियंत्रण रेखा पर कृष्णागति पट्टी पर 15 अगस्त को पाकिस्तान ने दो बार गोलीबारी की और संघषर्विराम उल्लंघन किया था।
तेरह अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के अरनिया सेक्टर में भारत पाक सीमा पर भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी। इन्हीं चौकियों पर 11 जुलाई को भी पाकिस्तानी पक्ष ने गोलीबारी की थी और बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया था। सात अगस्त को राज्य में नियंत्रण रेखा पर और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघषर्विराम के उल्लंघन को लेकर भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध जताया था। संघषर्विराम की इस घटना में दो जवान घायल हो गए थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 20, 2012, 12:19