Last Updated: Monday, January 14, 2013, 17:00

नई दिल्ली : सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने सोमवार को कहा कि शहीद लांस नायक हेमराज का लापता सिर कूटनीतिक माध्यम से लाया जाएगा। पाकिस्तानी सैनिकों ने दो भारतीय जवानो की हत्या करने के बाद उनके सिर काट दिए जिनमें से एक का सिर अभी तक नहीं मिला है। इस घटना को जघन्य और अक्षम्य कृत्य करार देते हुए जन. बिक्रम सिंह ने कहा कि राजनयिक माध्य से सिर वापस लाना चाहिए।
मथुरा में शहीद हेमराज की पत्नी अपने पति का कटा सिर वापस लाने की मांग करते हुए भूखहड़ताल पर बैठी है। सेनाध्यक्ष ने कहा कि हमलोग समझ रहे हैं और उनके साथ हैं। मैं कुल का मुखिया हूं और पिता के समान हूं। हम यह आश्वासन देते हैं कि उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। हम उन्हें बकाया और जिस चीज के वे पात्र हैं वह सब देंगे।
पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दो भारतीय जवानों की हत्या और उनका सिर काट लेने के बाद से नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ गया। उसके बाद से संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं भी बढ़ी। पाकिस्तान ने 6 जनवरी को भारतीय सेना की ओर से गोलीबारी में अपने एक सैनिक के मारे जाने का आरोप लगाया था और इसके बाद 8 जनवरी को मेंढर सेक्टर में दो भारतीय जवानों की हत्या हुई थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 14, 2013, 17:00