Last Updated: Sunday, February 10, 2013, 19:23

फरुखाबाद : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद वरुण गांधी ने जातिवाद तथा आरक्षण के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं और राजनीतिक दलों की निंदा करते हुए आज कहा कि ऐसी सियासत के परिणामस्वरूप देश नेतृत्वविहीन होता जा रहा है।
वरुण ने भाजपा नेता ब्रहमदत्त द्विवेदी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सिद्धांतविहीन राजनीति के कारण ही आज सियासत में शुचिता तथा राष्ट्रवाद का अभाव हो गया है। सिर्फ भाजपा ही राष्ट्रवाद की पोषक पार्टी रह गयी है।
उन्होंने आरक्षण की राजनीति करने वालों की निन्दा करते हुए कहा कि नौकरी अथवा पदोन्नति में आरक्षण की बात करना देश के 80 प्रतिशत प्रतिभावान नवजवानों को बेरोजगार करने के समान है। इसके अलावा जातिवाद की राजनीति की वजह से देश नेतृत्वविहीन होता जा रहा है। वरुण ने कहा कि राजनीति अब व्यापार बन गयी है। लाखों लगाइये और करोड़ों कमाइये।
पीलीभीत से भाजपा के सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के शासनकाल में उत्तर प्रदेश बेइंतेहा गरीबी का शिकार बना है। इस विडम्बनापूर्ण स्थिति पर प्रदेशवासियों को गम्भीरता से विचार करके अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला करना चाहिये।
अपने पिता संजय गांधी का जिक्र करते हुए वरुण ने कहा, ‘‘उन्होंने स्वाभिमान, मान-सम्मान तथा वफादारी को अपना मूलमंत्र बनाया। अगर आज वह जिंदा होते तो देश की तस्वीर कुछ दूसरी ही होती।’’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 10, 2013, 19:23