जानलेवा सर्दी ने ली अबतक 75 की जान - Zee News हिंदी

जानलेवा सर्दी ने ली अबतक 75 की जान

नई दिल्ली : ठिठुरन भरी ठंड के कारण 22 और लोगों की मौत से देश में इससे मरने वालों की संख्या 75 पर पहुंच गई है। बिहार और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ठंड की वजह से स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर घने कोहरे की वजह से विमानों का संचालन फिर प्रभावित हुआ और करीब 75 विमानों की सेवाओं में या तो विलंब हुआ या वे रद्द की गईं।

 

उत्तर प्रदेश में ठंड से 15 और लोगों की मौत हो गई, जबकि कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से बिहार में सात लोग काल कवलित हो गए। झारखंड आपदा प्रबंधन मंत्री गोपालकृष्ण पातर ने कहा कि राज्य में ठंड से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। संबंधित राज्यों के अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अधिकतम 45, झारखंड में 14, पंजाब में 9 और बिहार में सात लोगों की मौत हुई है।

 

राष्ट्रीय राजधानी में हल्का कोहरा रहा और सुबह ठंडक के साथ तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से कई इलाकों में सड़क एवं रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर घने कोहरे की वजह से विमानों का संचालन फिर प्रभावित हुआ और करीब 75 विमानों की सेवाओं में या तो विलंब हुआ या वे रद्द की गईं। हवाई अड्डे के अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम की वजह से लखनऊ और चंडीगढ़ जाने वाले चार विमानों की सेवाएं रद्द की गई्रजबकि अन्य शहरों से यहां आने वाले विमान देरी से आए। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 21, 2011, 15:51

comments powered by Disqus