जूदेव की पत्नी ने खाया जहर, हालत गंभीर

जूदेव की पत्नी ने खाया जहर, हालत गंभीर

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली/रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव का बुधवार देर शाम गुडगांव के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्र एवं एक पुत्री है। इस बीच खबर है कि जूदेव की मौत से व्यथित उनकी पत्नी माधवी सिंह ने भी बीती रात जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। माधवी को नई दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में भर्ती करवाया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जूदेव के एक पुत्र युद्धवीर सिंह छत्तीसगढ़ विधानसभा में जांजगीर जिले की चंपुर सीट से विधायक हैं। वह संसदीय सचिव भी हैं। जूदेव के निकटवर्ती सूत्रों ने बताया कि उन्हें गुर्दे, यकृत और छाती की कई बीमारियां थीं। उनका इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था लेकिन करीब 15 दिन पहले उन्हें गुड़गांव के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार करीब सात बजे उन्होंने अंतिम श्वांस ली। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके गृह नगर छत्तीसगढ के जशपुर ले जाया जाएगा जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। वे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थे। वह 1989 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

वह 2003 में कुछ माह तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री भी रहे। जूदेव के निधन पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 16 से 18 अगस्त तक तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

First Published: Thursday, August 15, 2013, 11:46

comments powered by Disqus