झारखंड राज्य में एक बार फिर से राष्ट्रपति शासन

झारखंड राज्य में एक बार फिर से राष्ट्रपति शासन

झारखंड राज्य में एक बार फिर से राष्ट्रपति शासनज़ी न्यूज़ ब्यूरो
नई दिल्ली : राजनीतिक संकट से घिरने के 10 दिनों बाद शुक्रवार को झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। राष्ट्रपति शासन लगाने को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को झारखंड में राष्ट्रपति शासन की उद्घोषणा पर हस्ताक्षर कर दिए। इसके साथ ही राज्य विधानसभा को निलंबित रखने के राज्यपाल सैयद अहमद की रिपोर्ट और केंद्रीय मंत्रिमंडल की सिफारिश पर मुहर लग गई है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में तय किया गया था कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की जाएगी। बैठक में झारखंड के राज्यपाल सैयद अहमद की रिपोर्ट पर चर्चा की गई। उन्होंने ही राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की थी। कैबिनेट ने तय किया कि राज्यपाल की सिफारिश को स्वीकार किया जाए और इसे जरूरी कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति को भेजा जाए।

मालूम हो कि झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा प्रदेश की गठबंधन सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस्तीफा दिया था। मौजूदा संकट 8 जनवरी को तब शुरू हुआ था जब भाजपा के गठबंधन साझेदार झामुमो ने राज्यपाल को पत्र लिखकर औपचारिक रूप से सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। वर्ष 2000 में झारखंड का गठन होने के बाद राज्य में तीसरी बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया है।

First Published: Friday, January 18, 2013, 20:47

comments powered by Disqus