Last Updated: Sunday, June 10, 2012, 14:49

नई दिल्ली : कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने आज टीम अन्ना पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को ‘निजी अभियान’ का रूप दे रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि देश उन्हें ‘समय आने पर उचित उत्तर देगा।’ उनकी टिप्पणी आज टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी द्वारा कोयला ब्लॉक आवंटन में कथित धांधलियों के मामले में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला बोलने के लिए महाभारत का हवाला दिए जाने के बाद आई।
इस बीच, भाजपा ने कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में जांच की मांग की और कहा कि सिविल सोसायटी तथा सरकार के बीच वाकयुद्ध रुकना चाहिए।’ इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. नारायणसामी के कल यह आरोप लगाया था कि अन्ना हजारे ‘राष्ट्र विरोधी तत्वों’ और ‘विदेशी शक्तियों’ के समर्थन वाले तत्वों से घिरे हैं। खुर्शीद ने आज कहा कि सिविल सोसायटी के सदस्यों को पहले अपने द्वारा की गई अनियमितताओं से संबंधित सवालों का जवाब देना चाहिए।
कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए जाने और उनके खिलाफ मुकदमों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें स्थापित किए जाने की टीम अन्ना की मांगें खारिज किए जाने के बाद सरकार और टीम अन्ना के बीच वाकयुद्ध तेज हो गया है।
टीम अन्ना पर हमला बोलते हुए खुर्शीद ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि टीम अन्ना के सदस्य हमारे देश के लोकतंत्र के लिए बहुत मददगार या बहुत अच्छे रहे हैं।’ खुर्शीद ने कहा, ‘हमें लगता था कि उन्होंने एक अच्छे विचार के साथ शुरुआत की है। भ्रष्टाचार को रोकना और भ्रष्टाचार के बारे में सवाल उठाना एक अच्छा विचार है। लेकिन आज वे इसे निजी अभियान और निजी महत्वाकांक्षा में बदलकर इस विचार को बड़ा नुकसान पहुंचा रहे हैं। मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि समय आने पर देश उन्हें मुनासिब जवाब देगा।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 10, 2012, 14:49