Last Updated: Monday, January 28, 2013, 19:46

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि युवा नेता राहुल गांधी की कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद पार्टी में युवाओं की भूमिका और बढ़ेगी और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी।
दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति सहित पार्टी की विभिन्न इकाइयों में अधिक से अधिक युवाओं को जगह मिलेगी। कांग्रेस हमेशा से युवाओं को मौका देती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में फेरबदल की आवश्यकता है। यह जरूरी भी है लेकिन इसके लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की जा सकती। दिग्विजय के मुताबिक राहुल की नई टीम का गठन जल्द से जल्द हो जाना चाहिए क्योंकि लोकसभा चुनाव की बड़ी राजनीतिक लड़ाई से पहले कई राज्यों में विधानसभ चुनाव भी होने हैं, जिनमें पार्टी की ताकत का एहसास भी हो जाएगा।
इस वर्ष कुल नौ राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, इनमें दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक जैसे पांच बड़े राज्य भी हैं। इन राज्यों में कांग्रेस का सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से है।
सूत्रों के मुताबिक जीतेंद्र सिंह, अशोक तंवर और मीनाक्षी नटराजन को राहुल की टीम में अहम भूमिका मिल सकती है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल की टीम में अनुभवी नेताओं का भी ख्याल रखा जाएगा, ताकि युवाओं के जोश के साथ-साथ उनके अनुभव का भी फायदा पार्टी को मिल सके।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए पिछले विस्तार में भी राहुल की छाप देखने को मिली थी। सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मनीष तिवारी और शशि थरूर जैसे युवा नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी गई। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 28, 2013, 19:46