Last Updated: Thursday, February 21, 2013, 09:05
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली: ट्रेड यूनियनों की हड़ताल का आज दूसरा दिन है। हड़ताल की वजह से आज भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को 11 केंद्रीय मजदूर यूनियनों की ओर से बुलाए गए दो दिनों के बंद की शुरुआत हिंसा से हुई और देश के अलग-अलग इलाकों से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की की घटनाएं हुई।
हड़ताल के पहले दिन यानी बुधवार को देश के विभिन्न हिस्सों में बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं और सार्वजनिक परिवहन सेवा बाधित हुईं। हिंसा में हरियाणा में एक यूनियन नेता की मौत हो गई जबकि दिल्ली से सटे नोएडा में छिटपुट हिंसा में अनेक कारखाना इकाइयां क्षतिग्रस्त हुईं। केरल, त्रिपुरा और बिहार हड़ताल से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल रहे जहां जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ जबकि ओड़िशा और कर्नाटक में हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आयीं। कई शहरों में विरोध मार्च निकाले गए।
दो दिनों की देशव्यापी हड़ताल के दौरान नोएडा में कामगारों और कारखाना मालिकों के बीच हिंसा हुई और 25 से ज्यादा वाहन फूंक डाले गए । जिसके बाद पुलिस ने 50 लोगों को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि एसोचैम ने बंद के पहले दिन 26,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अंदाज लगाया है।
First Published: Thursday, February 21, 2013, 09:05