तृणमूल की राजग में वापसी के प्रयास!

तृणमूल की राजग में वापसी के प्रयास!


मुंबई : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विस्तार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन गडकरी केआह्वान के अगले दिन शुक्रवार को पार्टी नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी की जमकर प्रशंसा की। इससे यह संकेत मिल रहा है कि भाजपा तृणमूल कांग्रेस को फिर से राजग में लाने के प्रयास में है।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन भाषण में राजग के कार्यकारी अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल की सत्ता में लाने के लिए ममता को बधाई दी और 35 वर्षों के वाम मोर्चा शासन का अंत करने के लिए तृणमूल की जमकर प्रशंसा की। इसी बीच भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने दावा किया कि ममता केंद्र में सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में `घुटन` महसूस कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि वह हमारे गठबंधन की साझेदार रही हैं, हम उनका बहुत आदर करते हैं। ज्ञात हो कि तृणमूल कांग्रेस पहले राजग की घटक थी, लेकिन 2007 में इससे नाता तोड़ लिया और 2009 के आम चुनाव से पहले संप्रग में शामिल हो गई। पिछले कुछ समय से तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के बीच सम्बंधों में खटास आ गई है। तृणमूल जहां पश्चिम बंगाल को कर्ज से उबारने में मदद और विशेष पैकेज की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस उस पर आर्थिक सुधार के उपायों में बाधा डालने का आरोप लगा रही है।

आडवाणी ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) को सबसे बड़ी पार्टी की हैसियत दिलाने के लिए पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को भी बधाई दी। सपा को फिलहाल कांग्रेस अपने करीब लाने के प्रयास में है, क्योंकि उसे आशंका है कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले सकती है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 26, 2012, 00:01

comments powered by Disqus