Last Updated: Wednesday, September 25, 2013, 23:30
नई दिल्ली/हैदराबाद : आंध्रप्रदेश को विभाजित कर पृथक तेलंगाना राज्य गठित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय प्रस्ताव का मसौदा तैयार कर रहा है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बैठक करने के बाद दिग्विजय सिंह ने नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि जैसे ही प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रिमंडल के सामने रखी जाएगी, उसके साथ ही इसे आंध्र प्रदेश विधानसभा भी भेज दिया जाएगा। दिग्विजय ने हालांकि समय से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी।
कांग्रेस कार्य समिति ने 30 जुलाई को पृथक तेलंगाना राज्य गठित किए जाने का निर्णय किया था। इसके बाद हालांकि इसे लेकर सीमांध्र (रायलसीमा और तटवर्ती आंध्र प्रदेश) में तीखा विरोध विरोध शुरू हो गया। सीमांध्र के कांग्रेस नेता इस निर्णय को वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं, जबकि तेलंगाना के कांग्रेस नेता नए राज्य के गठन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए दबाव बना रहे हैं।
सीमांध्र में सरकारी कर्मचारी 13 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे हैं, और केंद्र सरकार से आंध्र प्रदेश को विभाजित करने वाला निर्णय वापस लेने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस के राज्य के पार्टी प्रभारी दिग्विजय सिंह ने कहा है कि सरकार कर्मचारियों की शिकायतों को सुनने और उनकी उम्मीदों का खयाल रखने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, `हम आश्वासन देते हैं कि अविभाजित राज्य के प्रत्येक कर्मचारी को राज्य के बंटवारे के बाद उसका पूरा भुगतान किया जाएगा।` (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 25, 2013, 23:30