`दक्षिण चीन सागर में नौवहन की आजादी हो`

`दक्षिण चीन सागर में नौवहन की आजादी हो`

मुम्बई : रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने शनिवार को दक्षिण चीन सागर में सीमा विवाद को लेकर उलझे चीन सहित सभी देशों से इस मामले को बातचीत के जरिए हल करने का मशविरा दिया और इस समुद्र क्षेत्र में नौवहन की आजादी पर जोर दिया। इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र में हाल के महीनों में चीन और अन्य कई देशों के बीच सीमा विवाद उठ खड़े हुए हैं।

मुम्बई में पत्रकारों से बातचीत में एंटनी ने कहा, `अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में जहाजों का मुक्त आवागमन होना जाहिए। देशों के बीच आपसी विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।` ज्ञात हो कि चीन दक्षिण चीन सागर पर अपनी सम्प्रभुता का दावा करता है और दो रणनीतिक द्वीपों पर व उनके महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों पर वियतनाम के दावे को खारिज करता है, जहां भारत अपने लिए तेल की सम्भावनाएं तलाश रहा है।

भारत ने इस इलाके में वियतनाम के कब्जे वाले दो ब्लॉक में तेल की खोज को लेकर दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन बाद में कुछ परियोजनाओं को वापस से लिया था। चीन इस मामले को लेकर भारत से अपनी नाखुशी दिखा चुका है। दक्षिणी चीन सागर में जाने वाले भारतीय युद्धपोतों का अक्सर चीनी युद्धपोतों के साथ टकराव हो जाता है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 21, 2012, 16:16

comments powered by Disqus