Last Updated: Tuesday, July 17, 2012, 16:18

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का `बड़बोलेपन` उनके लिए भारी पड़ गया। कांग्रेस ने मंगलवार को उन्हें उत्तर प्रदेश एवं असम के प्रभारी पद से हटा दिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद सिंह पर पार्टी की तलवार लटक रही थी। पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को अब उत्तर प्रदेश की जिम्मदारी सौंपी गई है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर दिग्विजय सिंह की हालिया टिप्पणी के बाद यह कार्रवाई की गई है। दिग्विजय सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा था कि सितंबर में राहुल गांधी बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। दिग्विजय सिंह को हालांकि राहुल गांधी का करीबी माना जाता है, लेकिन पार्टी ने आगामी राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए यह कदम उठाया है।
ज्ञात हो कि इसके पहले ही सिंह अपने बयानों से पार्टी की और अपनी फजीहत करा चुके हैं। इसके लिए पार्टी से उन्हें फटकार भी मिली थी लेकिन राहुल गांधी पर उनकी टिप्पणी ने पार्टी को कार्रवाई के लिए बाध्य किया।
कांग्रेस को उनकी बयानबाजी से तंग आकर यहां तक कहना पड़ा था कि दिग्विजय सिंह पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता नहीं हैं। इससे नाराज दिग्विजय सिंह राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी को दी गई विदाई पार्टी में नहीं गए थे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 17, 2012, 16:18