Last Updated: Monday, October 31, 2011, 09:29
नई दिल्ली: छठ पर चल रही सियासत के बीच दिल्ली सरकार ने छठ पर्व पर छुट्टी नहीं करने का फैसला किया है। छठ पर छुट्टी न करने का फैसला दिल्ली कैबिनेट ने सोमवार को लिया। हालांकि बीजेपी शासित एमसीडी ने छठ पर छुट्टी का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से अनुरोध किया था कि राजधानी दिल्ली के पूर्वांचलवासियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें छठ पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने पर विचार करना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने नीतीश कुमार की बात नहीं मानी।
छठ पर्व पर सार्वजनिक छुट्टी को लेकर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जवाबी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में छठ पर सार्वजनिक अवकाश किसी भी लिहाज से ठीक नहीं है। यहां पहले से ही कर्मचारियों को ऐच्छिक अवकाश मिलता रहा है।
सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार ने शनिवार को शीला को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए एक पत्र लिखा था , जिसमें कहा गया कि यह लोक आस्था का पर्व है , जो 31 अक्टूबर से शुरू होगा और 2 नवंबर को खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में भारी संख्या में श्रद्धालु इस पर्व को मनाते हैं। इसको देखते हुए अगर 1 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया जाए तो इस पर्व को मनाने वाले और उनके परिवार के सदस्यों को काफी सहूलियत होगी।
(एजेंसी)
First Published: Monday, October 31, 2011, 14:59