Last Updated: Sunday, July 15, 2012, 14:35
नई दिल्ली : देश में वर्ष 2011 में बच्चों के खिलाफ अपराधों की सूची में राजधानी दिल्ली शीर्ष पर है जबकि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में क्रमश: बच्चों से बलात्कार और हत्या के सर्वाधिक मामले दर्ज हुए हैं। देश में 2011 में बच्चों के खिलाफ अपराध संबंधी कुल 33 हजार 98 मामले दर्ज हुए जबकि 2010 में यह आंकड़ा 26 हजार 694 था। यानी बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में 24 प्रतिशत की बढोत्तरी हुई।
राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड शाखा :एनसीआरबी: के अनुसार, बच्चों के खिलाफ अपराध की दर दिल्ली में सबसे ज्यादा (25.4) प्रतिशत है जबकि इस सूची में आगे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह (20.3 प्रतिशत), चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ (सात-सात प्रतिशत), मध्य प्रदेश (छह प्रतिशत) और गोवा (5.1 प्रतिशत) हैं। वर्ष 2011 में देश में नवजात शिशुओं सहित बच्चों की हत्या के कुल 1514 मामले दर्ज हुए जबकि 2010 में यह आंकड़ा 1508 था।
उत्तर प्रदेश में इस तरह के मामलों की सबसे ज्यादा संख्या (326) दर्ज हुई जो देश में कुछ मामलों का 22.9 प्रतिशत है। अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, दमन और दीव, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में 2011 में बच्चों की हत्या का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 15, 2012, 14:35