दिल्ली में सिर्फ VVIP को सुरक्षा: जनरल सिंह

दिल्ली में सिर्फ VVIP को सुरक्षा: जनरल सिंह

नई दिल्ली : पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह ने शुक्रवार को कहा कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना यह दर्शाती है कि राष्ट्रीय राजधानी में शासन-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है क्योंकि सुरक्षा एजेंसियां तथाकथित वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा के लिए हैं न कि आम आदमी के लिए।

सिंह ने कहा,"चलती बस में 23 वर्षीय युवती पर हमला एवं सामूहिक दुष्कर्म दर्शाता है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यह निर्णायक मामला है। मैं उस बहादुर लड़की के जीवित रहने की प्रार्थना करता हूं। मेरी भावनाएं पीड़ित के परिजनों के साथ हैं।"

पूर्व सेना प्रमुख ने कहा,"हम इसे जेसिका लाल की तरह जाने नहीं दे सकते, जहां उसके परिजनों ने कोशिश नहीं की होती तो कातिल फिर वही काम करने लगते। शासन व्यवस्था को गम्भीर चेतावनी मिली है। हमें देर होने से पहले जागना है।"

सिंह इस बात से बेहद व्यथित थे कि राजधानी में आम आदमी की जगह पुलिस विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में लगी है।

उन्होंने कहा,"आज कई एजेंसियां राज्य में निगरानी करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय दिल्ली के वीवीआईपी श्रेणी के लोगों की सुरक्षा में लगी हैं।" (एजेंसी)

First Published: Friday, December 21, 2012, 23:34

comments powered by Disqus