देशमुख की हालत स्थिर, पीएम को दी जानकारी

देशमुख की हालत स्थिर, पीएम को दी जानकारी


चेन्नई : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को गुरुवार को उनके मंत्रिमंडल के बीमार सहकर्मी विलासराव देशमुख की हालत के बारे में जानकारी दी गई। उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। देशमुख का यहां के एक अस्पताल में जिगर की गंभीर बीमारी का इलाज चल रहा है।

अस्पताल सूत्रों ने कहा कि उनके पुत्र एवं महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य अमित देशमुख ने प्रधानमंत्री को ग्लोबल हॉस्पिटल्स में चल रहे 67 वर्षीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री के उपचार के बारे में जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है। सूत्रों ने देशमुख के बारे में और कोई सूचना देने से इनकार कर दिया। उन्हें सोमवार की शाम गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

देशमुख को यहां संभावित जिगर प्रत्यारोपण के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया था कि इस बारे में कोई फैसला लेने से पहले उनकी हालत में सुधार आवश्यक है। तमिलनाडु के राज्यपाल के. रोसैया, राज्य स्वास्थ्य मंत्री वीएस विजय और सपा के पूर्व नेता अमर सिंह उन लोगों में शामिल हैं जो देशमुख के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने अस्पताल गए ।

सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि देशमुख के परिवार के सदस्यों ने उन्हें बताया कि मुम्बई के मुकाबले अब उनकी हालत काफी बेहतर है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका संक्षिप्त उपचार हुआ था। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि वह ठीक हो जाएंगे। देशमुख जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं और जाने माने जिगर प्रत्यारोपण सर्जन डा. मोहम्मद रेला सहित अनेक विशेषज्ञों की टीम उनका उपचार कर रही है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 9, 2012, 19:46

comments powered by Disqus