Last Updated: Tuesday, August 14, 2012, 16:43
नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के निधन का समाचार मिलते ही मंगलवार को संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शाम करीब पौने चार बजे दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में देश में नक्सलवादी और माओवादी गतिविधियों में वृद्धि के बारे में चल रही चर्चा के बीच में गृह मंत्री और सदन के नेता सुशील कुमार शिंदे ने सदन को देशमुख के निधन के बारे में जानकारी दी।
रूंधे गले से शिंदे ने कहा कि वह काफी दुख के साथ यह जानकारी दे रहे हैं कि उनके सहयोगी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख अब नहीं रहे।
उन्होंने कहा, मेरा आग्रह है कि ऐसी दुखद घड़ी में सदन की कार्यवाही आगे चलाना ठीक नहीं रहेगा। अगर सदस्य सहमत हों तो कार्यवाही को स्थगित किया जाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शिंदे के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा, यह काफी दुखद समाचार है। हम उनके प्रस्ताव (कार्यवाही स्थगित करने) का समर्थन करते हैं।
इसके बाद पीठासीन सभापति पी.सी. चाको ने सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
राज्यसभा में व्हिसल ब्लोअर विधेयक पर चर्चा को बीच में रोकते हुए संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने सदन को देशमुख के निधन की जानकारी दी।
इसके फौरन बाद पीठासीन अध्यक्ष तारिक अनवर ने सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 14, 2012, 16:43