देश को दिग्भ्रमित कर रहे हैं प्रधानमंत्री : विपक्ष

देश को दिग्भ्रमित कर रहे हैं प्रधानमंत्री : विपक्ष

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राष्ट्र के नाम संदेश पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए विपक्ष ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री बहु-ब्रांड खुदरा क्षेत्र में एफडीआई के मुद्दे पर देश को दिग्भ्रमित कर रहे हैं और असमर्थनीय चीजों का बचाव करने की कोशिश करके अन्य देशों के हितों की वकालत करते दिखाई देते हैं।

हालांकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने विस्तार से बताया है कि सरकार को कड़े कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी। सभी दलों को इसका स्वागत करना चाहिए।

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में देश को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया। वह दूसरे देशों के हितों की वकालत करते दिखाई दिये लेकिन अपने देश की नहीं जिसका वे नेतृत्व करते हैं।’’ जदयू प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आर्थिक सुधारों के मुद्दे पर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी जानते हैं कि पेट्रोल और डीजल का बड़ा हिस्सा आयातित किया जाता है। लेकिन सरकार ने खपत कम करने के लिए क्या कदम उठाये। वह विपक्ष पर इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन दरअसल वह खुद ऐसा कर रहे हैं।’’ तिवारी ने कहा कि पहले ही खुदरा क्षेत्र में अनेक बहुराष्ट्रीय कंपनियां हैं। उन्होंने देश में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अब तक क्या किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कहना बेतुकी बात है कि उनके आने से किसानों की दशा में सुधार होगा।’’ (एजेंसी)

First Published: Friday, September 21, 2012, 22:04

comments powered by Disqus