Last Updated: Monday, August 20, 2012, 13:56
नई दिल्ली : देश भर में सोमवार को ईद-उल-फितर की धूम है और हर तरफ रौनक दिखाई दी। दिल्ली में सोमवार को ईद -उल -फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इसी के साथ पवित्र रमजान महीने की समाप्ति हो गई। नए-नए कपड़ों में सजे-धजे मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग विभिन्न मस्जिदों में एकत्र हुए। हर तरफ `ईद मुबारक` का स्वर ही सुनाई दे रहा था। शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। ईद मुबारक की गूंज पूरे वातावरण में फैल गई है।
असम में हिंसा तथा बेंगलुरू, हैदराबाद और पुणे से पूर्वोत्तर के हजारों लोगों के पलायन की रिपोर्टों के बीच जामा मस्जिद के शाही इमाम सईद अहमद बुखारी ने कहा कि लोगों को भ्रम का शिकार नहीं होना चाहिए और शांति और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने मुसलमानों से अपील कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जहां भी हैं, वहां शांति और सद्भाव बनाए रखें। ईद के दिन बाजारों में काफी रौैनक रही। हर तरफ लोग कपड़े, बर्तन और फल खरीदते नजर आए।
जामा मस्जिद के नजदीक उर्दू बाजार के निवासी सईद मेहदी ने कहा कि हम नमाज अदा कर लौट आए हैं। अब हमें अपने मित्रों और परिजनों को पारंपरिक पकवान भेंट करेंगे। उपहारों का भी आदान-प्रदान किया जाएगा और फिर पारिवारिक दावत होगी। सेवईयां, फिरनी, बिरयानी, कबाब और अन्य कई व्यंजन ईद के अवसर पर खास तौर पर बनाए जाते हैं। इस अवसर पर बच्चों को अपने बड़ों से प्यार के रूप में मिलने वाली `ईदी` का खास इंतजार रहता है। जिसमें उन्हें प्राय: पैसे दिए जाते हैं। शाम के वक्त जामा मस्जिद को रोशनी से सजाया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने विभिन्न स्थानों खासकर मस्जिदों के पास यातायात को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 20, 2012, 13:56