देश भर में गर्मी का कहर, दिल्ली में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

देश भर में गर्मी का कहर, दिल्ली में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

देश भर में गर्मी का कहर, दिल्ली में टूटा 10 साल का रिकॉर्डनई दिल्ली : इन दिनों देश का विशाल हिस्सा भयंकर गर्मी की चपेट में है तथा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल पिछले दस साल में मई में सबसे अधिक गर्म दिन रहा। यहां पारा 45.7 डिग्री तक चला गया जो मई में पिछले दस साल में सर्वाधिक तापमान है।

दिल्ली में कल अधिकतम तापमान वर्ष 2003 के बाद से मई में अबतक का सर्वाधिक तापमान है। यहां कल न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। अधिकतम एवं न्यूनतम आद्रर्ता क्रमश: 41 और 18 प्रतिशत रही।

भीषण गर्मी पंजाब और हरियाणा में भी कहर ढा रही है जहां अमृतसर में 48 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ हतिहास में सबसे अधिक गर्म दिन रहा। इस क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में पारा सामान्य के उपर रहा।

राजस्थान में भी तापमान बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर 48.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान बना रहा। चुरू, बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान क्रमश: 47.3 डिग्री, 46.5 डिग्री, 45.9 डिग्री और 44.4 डिग्री रहा।

राज्य की राजधानी जयपुर में परा 43.9 डिग्री तक चढ़ा जबकि अजमेर में यह 42.2 डिग्री तक गया।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ ही बिजली में कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। लंबे लंबे समय तक बिजली में कटौती को लेकर कई स्थानों से प्रदर्शन की खबरें हैं। राज्य में बांदा अधिकतम 46.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। मेरठ, झांसी, आगरा, इलाहाबाद, कानपुर, बरेली और मुरादाबाद समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में पारा सामान्य से उपर रहा।

हालांकि गुजरात में लोगों को चिलचिलाती धूप से आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते पारा दो डिग्री तक नीचे लुढ़क सकता है।

राज्य में पिछले कुछ दिनों से कई स्थानों पर लू चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में पारा 44 डिग्री तक चला गया।

ओड़िशा में भी लोग गर्मी से बेहाल हैं। वहां पश्चिमी घाट पर पारा 45 डिग्री के उपर है।

तालचेर अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। बोलनगीर और तीतलागढ़ में क्रमश: 46.6 और 46.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

महाराष्ट्र के नागपुर में पारा 46.6 डिग्री तक गया। कल वहां 47.9 डिग्री अधिकतम तापमान था जो एक रिकार्ड था।

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र लू आज भी जारी रही। वहां अधिकतर स्थानों पर पारा 45 के उपर मंडराता रहा। चंद्रपुर अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

हिमाचल प्रदेश के निचले पर्वतीय इलाकों में भी गर्म हवा आज तेज हो गयी। शिवालिक के उना क्षेत्र में पारा 45.2 डिग्री तक गया।

सुंदरनगर में 41.1 डिग्री, भुंतर में 39 डिग्री, नहान में 37 डिग्री, धर्मशाला में 36.8 डिग्री, सोलन में 36 डिग्री और कल्पा में 26.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहे। राज्य की राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 25, 2013, 09:10

comments powered by Disqus