Last Updated: Sunday, December 2, 2012, 20:38

सिरसा : भाजपा प्रमुख नितिन गडकरी और वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने रविवार को केंद्र की कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसकी गलत आर्थिक नीतियों के कारण गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई हो रही है।
हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) की रैली को यहां संबोधित करते हुए दोनों नेता भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संप्रग सरकार पर जमकर बरसे और कहा कि यह सरकार हर जगह घोटालों में लिप्त है।
गडकरी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने जनता को केवल बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ती गरीबी दी है। सुषमा ने हजकां स्थापना दिवस रैली को संबोधित करते हुए कहा,‘उन्होंने हर जगह घोटाले किए हैं। आकाश (स्पेक्ट्रम) से जुड़ा टूजी (घोटाला), धरती से जुड़ा राष्ट्रमंडल (घोटाला) और पाताल से जुड़ा कोयला (घोटाला)।’
सुषमा ने आरोप लगाया कि केन्द्र की संप्रग सरकार और हरियाणा की कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
सुषमा ने कहा कि देश के घटनाक्रमों से संकेत मिलते हैं कि लोकसभा चुनाव अगले साल हो सकते हैं।
दोनों नेताओं ने कहा कि राज्य का भाजपा हजकां गठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है और यह आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में राज्य में गठबंधन के सत्ता में आने पर हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्नोई शुरुआती ढाई साल तक मुख्यमंत्री होंगे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 2, 2012, 20:38